भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा शुक्रवार को जानकारी दी है कि देश का विदेशी मुद्रा भंडार 21 जून को समाप्त सप्ताह में 816 मिलियन डॉलर बढ़कर 653.71 बिलियन डॉलर हो गया। इससे पहले के सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार 2.92 बिलियन डॉलर घटकर 652.89 बिलियन डॉलर रह गया था। विदेशी मुद्रा भंडार का सर्वकालिक उच्च स्तर 7 जून को 655.82 बिलियन डॉलर था।
रिजर्व बैंक के आंकड़ों के अनुसार, मुद्रा भंडार का महत्वपूर्ण हिस्सा मानी जाने वाली विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियां 21 जून को समाप्त सप्ताह में 106 मिलियन डॉलर घटकर 574.13 बिलियन डॉलर रह गईं। डॉलर के संदर्भ में उल्लिखित Foreign currency assets में फोरेक्स रिज़र्व में रखे गए यूरो, पाउंड और येन जैसी गैर-अमेरिकी करेंसीज में उतार-चढ़ाव का प्रभाव शामिल होता है।
रिजर्व बैंक ने कहा कि समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान स्वर्ण भंडार का मूल्य 988 मिलियन डॉलर बढ़कर 56.96 बिलियन डॉलर हो गया। विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 57 मिलियन डॉलर घटकर 18.05 बिलियन डॉलर रह गया। रिजर्व बैंक ने कहा कि समीक्षाधीन सप्ताह में अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष के पास भारत की आरक्षित जमा राशि 9 मिलियन डॉलर घटकर 4.57 बिलियन डॉलर रह गई।
वहीँ पडोसी पाकिस्तान के विदेशी मुद्रा भंडार में गिरावट आई है। स्टेट बैंक ऑफ पाकिस्तान ने कहा कि उसके विदेशी मुद्रा भंडार में 239 मिलियन डॉलर की गिरावट आई है। बाहरी कर्ज के पुनर्भुगतान के कारण ऐसा हुआ। 21 जून को समाप्त सप्ताह में बैंक का कुल विदेशी मुद्रा भंडार घटकर 8.9 बिलियन डॉलर रह गया। एसबीपी ने गुरुवार को एक बयान में यह कहा। वहीं, वाणिज्यिक बैंकों का शुद्ध विदेशी मुद्रा भंडार 5.3 बिलियन डॉलर रहा। इसके अलावा पाकिस्तान का कुल तरल विदेशी मुद्रा भंडार 14.2 बिलियन डॉलर रहा।

