चालू वित्त वर्ष 2020-21 की तीसरी तिमाही (अक्टूबर-दिसंबर) में म्यूचुअल फंड्स एसेट बेस में 7.6 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है. इक्विटी मार्केट में आई तेजी के कारण इस बढ़ोतरी के बाद म्यूचुअल फंड एसेट बेस 29.71 लाख करोड़ का हो गया. एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड इन इंडिया (AMFI) के मुताबिक दूसरी तिमाही जुलाई-सितंबर में म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री का एवरेज एसेट अंडर मैनेजमेंट (AAUM) 27.6 लाख करोड़ रुपये का था.
FYERS के रिसर्च हेड गोपाल कवालीरेड्डी के मुताबिक, पिछले तीन महीने में स्टॉक मार्केट का प्रदर्शन बेहतरीन रहा. निफ्टी 50 में अक्टूबर में 3.15 फीसदी, नवंबर में 12.02 फीसदी और दिसंबर में 14.9 फीसदी की तेजी रही. सैम्को सिक्योरिटीज के हेड रैंकएमएफ ओमकेश्वर सिंह के मुताबिक, दिसंबर 2020 तिमाही में आउटफ्लो के बावजूद एसेट बेस में बढ़ोतरी इसलिए हुई क्योंकि इक्विटी आधारित म्यूचुअल फंड्स में बढ़त रही.
इस समय देश में 42 एएमसी ऑपरेशनल हैं जिसमें से चार एएमसी का दबदबा कायम है. SBI म्यूचुअल फंड, HDFC म्यूचुअल फंड, ICICI प्रूडेंशियल म्यूचुअल फंड और आदित्य बिरला सनलाइफ म्यूचुअल फंड के पास म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री के 50 फीसदी एसेट्स हैं. इन टॉप चार फंड हाउसेज के एवरेज एयूएम में सितंबर तिमाही में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई थी.

