दिग्गज बीमा कंपनी ज्यूरिख इंश्योरेंस, कोटक महिंद्रा जनरल में 70 फीसदी हिस्सेदारी खरीदेगी। कोटक महिंद्रा बैंक द्वारा दी गयी जानकारी के मुताबित पिछले साल नवंबर में ज्यूरिख इंश्योरेंस कंपनी ने पूंजी निवेश और शेयर खरीद के संयोजन के जरिये कोटक महिंद्रा जनरल में 51 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल करने की योजना की घोषणा की थी जिसके बाद तीन वर्ष की अवधि केअंदर 19 फीसद की अतिरिक्त हिस्सेदारी को एक्वायर किया जाएगा।
बैंक ने एक नियामक फाइलिंग में कहा है कि बैंक, ज्यूरिख और कोटक जनरल ने पारस्परिक रूप से सहमति व्यक्त की है कि ज्यूरिख एक ही किस्त में प्राथमिक और माध्यमिक अधिग्रहणों के संयोजन के माध्यम से कोटक जनरल में 70 प्रतिशत हिस्सेदारी का अधिग्रहण करेगा। यह कुल मिलाकर ये लगभग 5,560 करोड़ रुपये की डील है। फाइलिंग में कहा गया है कि लेन-देन की दूसरी शर्तें अपरिवर्तित रहेंगी।
जानकारी के मुताबिक प्रस्तावित 70 फीसदी अधिग्रहण पारंपरिक शर्तों को पूरा करने के अधीन होगा, जिसमें भारतीय रिजर्व बैंक और भारतीय बीमा नियामक और विकास प्राधिकरण (IRDAI ) से नियामक मंजूरी लेना भी शामिल है। मौजूदा गाइडलाइंस के मुताबिक एक विदेशी कंपनी भारत में किसी बीमा उद्यम में 74 प्रतिशत तक हिस्सेदारी रख सकती है बता दें कि ज्यूरिख इंश्योरेंस ग्रुप लिमिटेड 200 से अधिक देशों और क्षेत्रों में लोगों और व्यवसायों को सेवा प्रदान करने वाली एक अग्रणी मल्टी-लाइन बीमा कंपनी है।

