सेंसेक्स की शीर्ष 10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से सात के कुल बाजार मूल्यांकन में पिछले सप्ताह 1.16 लाख करोड़ रुपये की गिरावट आई। सबसे ज्यादा नुकसान एचडीएफसी बैंक को हुआ. कम कारोबारी सत्रों वाले सप्ताह के दौरान 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 982.56 अंक या 1.37 प्रतिशत टूट गया। शीर्ष 10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में, रिलायंस इंडस्ट्रीज, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), एचडीएफसी बैंक, भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी), हिंदुस्तान यूनिलीवर, आईटीसी और भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के बाजार पूंजीकरण में गिरावट आई। वहीं आईसीआईसीआई बैंक, इंफोसिस और भारती एयरटेल की बाजार हैसियत बढ़ी.
पिछले हफ्ते एचडीएफसी बैंक का बाजार मूल्यांकन 32,661.45 करोड़ रुपये घटकर 10,90,001.31 करोड़ रुपये रह गया। एलआईसी का बाजार पूंजीकरण 20,682.74 करोड़ रुपये घटकर 5,71,337.04 करोड़ रुपये रह गया। टीसीएस का बाजार मूल्यांकन 19,173.43 करोड़ रुपये घटकर 13,93,439.94 करोड़ रुपये और एसबीआई का पूंजीकरण 16,599.77 करोड़ रुपये घटकर 5,46,989.47 करोड़ रुपये रह गया।
आईटीसी का मार्केट कैप 15,908.1 करोड़ रुपये घटकर 5,68,262.28 करोड़ रुपये और हिंदुस्तान यूनिलीवर का 9,210.4 करोड़ रुपये घटकर 5,70,974.17 करोड़ रुपये रह गया। रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार पूंजीकरण 1,928.22 करोड़ रुपये घटकर 18,33,737.60 करोड़ रुपये रह गया।
wahin भारती एयरटेल का बाजार पूंजीकरण 20,727.87 करोड़ रुपये बढ़कर 6,52,407.83 करोड़ रुपये पर पहुंच गया. इंफोसिस ने 9,151.75 करोड़ रुपये अपने मार्केट कैप में जोड़े जिससे उसका मूल्यांकन 6,93,457.65 करोड़ रुपये हो गया। ICICI बैंक का बाजार मूल्यांकन 1,137.37 करोड़ रुपये बढ़कर 7,08,511.16 करोड़ रुपये हो गया.
टॉप-10 कंपनियों की लिस्ट में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर रही। इसके बाद टीसीएस, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, इंफोसिस, भारती एयरटेल, एलआईसी, हिंदुस्तान यूनिलीवर, आईटीसी और एसबीआई का स्थान रहा।

