टेस्ला, स्पेसएक्स और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के मालिक एलन मस्क लंबे समय तक दुनिया के सबसे अमीर शख्स थे। लेकिन अब दुनिया के अरबपतियों की इस सूची में बदलाव आ गया है। टेस्ला के शेयरों में बड़ी गिरावट के कारण मस्क की नेटवर्थ में गिरावट आई है। अब दुनिया के सबसे अमीर शख्स का खिताब उस शख्स के नाम हो गया है जो लंबे समय तक इस लिस्ट में दूसरे स्थान पर था। विश्व प्रसिद्ध फ्रांसीसी लक्जरी फैशन कंपनी LVMH ग्रुप के संस्थापक, अध्यक्ष और सीईओ बर्नार्ड अरनॉल्ट दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं।
फोर्ब्स रियलटाइम बिलियनेयर्स लिस्ट के मुताबिक, बर्नार्ड अरनॉल्ट और परिवार की कुल संपत्ति 207.6 अरब डॉलर तक पहुंच गई है। वह दुनिया के सबसे अमीर लोगों की सूची में पहले स्थान पर आ गए हैं। वहीं, एलन मस्क 204.7 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ इस सूची में दूसरे स्थान पर हैं। इस सूची में अमेज़न के संस्थापक जेफ बेजोस 181.3 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ तीसरे स्थान पर हैं। वहीं, ओरेकल के संस्थापक लैरी एलिसन इस सूची में चौथे स्थान पर हैं। पांचवें स्थान पर मेटा प्लेटफॉर्म के सह-संस्थापक मार्क जुकरबर्ग हैं। उनकी नेटवर्थ 139.1 बिलियन डॉलर है.
रिलायंस ग्रुप के चेयरमैन मुकेश अंबानी दुनिया के सबसे अमीर लोगों की सूची में 11वें स्थान पर हैं। उनकी नेटवर्थ 104.4 बिलियन डॉलर है। फोर्ब्स रियल टाइम बिलियनेयर्स लिस्ट के मुताबिक, अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी दुनिया के सबसे अमीर लोगों की सूची में 16वें स्थान पर हैं। गौतम अडानी की कुल संपत्ति 75.7 बिलियन डॉलर है। वहीं एचसीएल के सह-संस्थापक शिव नादर 34.8 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ इस सूची में 42वें स्थान पर हैं।

