भारी बारिश के कारण सब्जियों की आपूर्ति प्रभावित होने से सभी सब्जियों के दाम में बड़ा उछाल आया है जिसकी वजह से गृहणियों को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ रहा क्योंकि उनकी रसोई का बजट बिगड़ गया है। आसमान छूती महंगाई के बीच सब्जियों के दाम में बढ़ोतरी से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दिल्ली में टमाटर की कीमत 100 रुपये प्रति किलो पहुंच गई है।
दिल्ली में मदर डेयरी के रिटेल आउटलेट ‘सफल’ पर टमाटर 100 रुपये प्रति किलो मिल रहा है। उपभोक्ता मामले विभाग के आंकड़ों के मुताबिक शनिवार को दिल्ली में टमाटर का खुदरा भाव 93 रुपये प्रति किलो था। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक 20 जुलाई को टमाटर का अखिल भारतीय औसत मूल्य 73.76 रुपये प्रति किलो था।
विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अत्यधिक गर्मी और उसके बाद भारी बारिश ने आपूर्ति को बाधित कर दिया, जिससे खुदरा कीमतों में उछाल आया।” शनिवार को पश्चिमी दिल्ली में मदर डेयरी स्टोर पर प्याज 46.90 रुपये प्रति किलो और आलू 41.90 रुपये प्रति किलो बिक रहा था। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में प्याज 50 रुपये प्रति किलो और आलू 40 रुपये प्रति किलो पर उपलब्ध है।
अन्य हरी सब्जियों के दाम भी बढ़ गए हैं। मदर डेयरी पर शनिवार को तोरी 59 रुपये प्रति किलो, करेला 49 रुपये प्रति किलो, फ्रेंचबीन 89 रुपये प्रति किलो, भिंडी 49 रुपये प्रति किलो, टिंडा 119 रुपये प्रति किलो, हरी शिमला मिर्च 119 रुपये प्रति किलो, बैंगन (छोटा) 49 रुपये प्रति किलो, बैगन (बड़ा) 59 रुपये प्रति किलो, लौकी 49 रुपये प्रति किलो, लौकी 39 रुपये प्रति किलो और अरवी 69 रुपये प्रति किलो की दर पर उपलब्ध थी।

