दैनिक उपयोग के घरेलू सामान बनाने वाली कंपनियों की राजस्व वृद्धि चालू वित्त वर्ष में 7-9 प्रतिशत के बीच रहने का अनुमान है। रेटिंग एजेंसी क्रिसिल रेटिंग्स ने शनिवार को एक रिपोर्ट जारी कर कहा कि चालू वित्त वर्ष (2024-25) में अपेक्षित राजस्व वृद्धि को बिक्री की मात्रा में वृद्धि से समर्थन मिलेगा। ग्रामीण मांग में सुधार और स्थिर शहरी मांग इसमें महत्वपूर्ण योगदान देगी।
वित्त वर्ष 2023-24 में एफएमसीजी क्षेत्र की अनुमानित वृद्धि पांच से सात प्रतिशत थी। रिपोर्ट में कहा गया है कि खाद्य और पेय (एफएंडबी) खंड के लिए प्रमुख कच्चे माल की कीमतों में मामूली वृद्धि के साथ बिक्री एकल अंकों में बढ़ने का अनुमान है। हालांकि, पर्सनल केयर और होम केयर सेक्टर के लिए प्रमुख कच्चे माल की कीमतें स्थिर रहने की संभावना है।
क्रिसिल रेटिंग्स के निदेशक रवींद्र वर्मा ने कहा, “उत्पाद खंडों और फर्मों के हिसाब से राजस्व वृद्धि अलग-अलग होगी। ग्रामीण मांग में सुधार के कारण इस वित्त वर्ष में एफएंडबी खंड में 8-9 प्रतिशत की वृद्धि होने की उम्मीद है। पर्सनल केयर खंड में 6-7 प्रतिशत और होम केयर में 8-9 प्रतिशत की वृद्धि होने की उम्मीद है।” रिपोर्ट में कहा गया है कि FMCG कंपनियां अधिग्रहण के अवसरों पर नजर रखना जारी रखेंगी, जिससे उन्हें उत्पाद पेशकशों का विस्तार करने में मदद मिलेगी।

