नयी दिल्ली: रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने बुधवार को कहा कि भारत से वैश्विक स्तर के डिजिटल उत्पाद और सेवा कंपनी के उभरने का समय आ गया है।
इसी संदर्भ में उन्होंने वैश्विक अवसरों की ओर बढ़ने और घरेलू तथा अंतरराष्ट्रीय बाजारों से राजस्व के नए स्रोत तैयार करने के लिये समूह की कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स को प्रेरित किया।
रिलायंस इंडस्ट्रीज के 43 वें सालाना वार्षिक बैठक को संबोधित करते हुए अंबानी ने कहा कि पिछले कुछ साल में रिलायंस इंडस्ट्रीज ने ऐसे उद्योगों के बारे में विस्तृत ज्ञान हासिल किया है, जो भारतीय अर्थव्यवस्था के लिये महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि जियो प्लेटफॉर्म्स विभिन्न क्षेत्रों के इस ज्ञान को अपनी प्रौद्योगिकीय क्षमता के साथ जोड़ कर भारत के लिए विविध नवोन्मेषी पारिस्थितिकी तथा प्रबंधित सेवाएं तैयार कर सकती है।
अंबानी ने कहा, ‘‘ऐसे सभी समाधानों में एक बार भारत में परख लिए जाने के बाद वैश्विक समाधान बनने की क्षमता है… जिनका उपयोग दुनिया के बाकी हिस्सों में सेवा प्रदान करने के लिये किया जा सकता है।

