मुंबई: इन्फोसिस के शेयर में जोरदार बढ़त से बृहस्पतिवार को सेंसेक्स में 420 अंक का उछाल आया। हालांकि, कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के बीच वैश्विक बाजारों में बिकवाली का दबाव रहा। बेहद उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स कारोबार की समाप्ति पर 419.87 अंक या 1.16 प्रतिशत की बढ़त के साथ 36,471.68 अंक पर बंद हुआ।
इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 121.75 अंक या 1.15 प्रतिशत की बढ़त के साथ 10,739.95 अंक पर पहुंच गया। सेंसेक्स की कंपनियों में इन्फोसिस का प्रदर्शन सबसे अच्छा रहा। इन्फोसिस का चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही का एकीकृत शुद्ध लाभ उम्मीद से बेहतर रहा है। वित्त वर्ष की पहली तिमाही में आईटी क्षेत्र की दिग्गज कंपनी का एकीकृत शुद्ध लाभ 12.4 प्रतिशत बढ़कर 4,272 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
इससे कंपनी का शेयर 9.56 प्रतिशत चढ़ गया। महिंद्रा एंड महिंद्रा, नेस्ले इंडिया, इंडसइंड बैंक, कोटक बैंक, एचसीएल टेक, बजाज फाइनेंस और एक्सिस बैंक के शेयर भी 3.81 प्रतिशत तक के लाभ में रहे। वहीं दूसरी ओर टेक महिंद्रा, आईटीसी, एनटीपीसी, पावरग्रिड, टाइटन और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर 2.54 प्रतिशत तक टूट गए।

