वॉल स्ट्रीट पर रातोंरात गिरावट के बावजूद बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का इंडेक्स सेंसेक्स खबर लिखे जाते तक 471 अंक की उछाल के साथकारोबार करता दिखा। इसी तरह, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज निफ्टी भी 130 अंक की बढ़त के साथ ट्रेड कर रहा था। निफ्टी पर बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, अदानी पोर्ट्स, टाटा मोटर्स और इंफोसिस प्रमुख लाभ वाले स्टॉक रहे, जबकि बीपीसीएल, बजाज ऑटो, डॉ रेड्डीज लैब्स, एलएंडटी और एचसीएल टेक्नोलॉजीज कमजोर दिखे।
अमरीकी शेयर बाजार में तेज़ गिरावट रही क्योंकि फेडरल रिजर्व की हालिया बैठक के मिनटों से संकेत मिला कि ब्याज दरें लंबे समय तक ऊंची रहेंगी। अमेरिकी बाजार बुधवार को कमजोरी के साथ बंद हुए थे। चीन के स्टॉक्स भी दबाव में रहे. दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था में सुधार को लेकर अनिश्चितता के कारण निवेशक असमंजस में रहे।
स्टॉक्स की बात करें तो टाटा मोटर्स के शेयर शुरुआती कारोबार में आज 2.1 फीसदी बढ़कर 798 रुपये के स्तर पर पहुंच गए। कई ब्रोकरेज फर्मों ने टाटा मोटर्स के शेयर की रेटिंग को बढ़ाकर ‘ओवरवेट’ कर इसके टारगेट प्राइस में भी भारी इजाफा किया है। टाटा मोटर्स के स्टॉक के लिए अब 925 रुपये का नया टारगेट प्राइस तय किया गया है। शेयर मार्केट में आज अदानी पोर्ट्स, एनएचपीसी और जोमैटो के स्टॉक्स में अच्छी खरीदारी देखी जा रही है। घरेलू शेयर बाजार ने आज सुबह प्री-ओपनिंग सेशन में भी मजबूत शुरुआत के साथ कारोबार करता देखा गया। लार्जकैप और स्मॉलकैप शेयरों की अगुवाई में सूचकांक मजबूती के साथ खुले।

