सोनालिका ट्रैक्टर्स ने बुधवार को देश का पहला फील्ड रेडी इलेक्ट्रिक ट्रैक्टर ‘टाइगर’ लॉन्च किया. यह कंपनी का पहला ई-ट्रैक्टर है. सोनालिका टाइगर की एक्स शोरूम कीमत 5.99 लाख रुपये रखी गई है. टाइगर के लिए सोनालिका ने बुकिंग भी शुरू कर दी हैं. टाइगर इलेक्ट्रिक ट्रैक्टर में अत्याधुनिक IP67 कंप्लायंट 25.5 kW नेचुरल कूलिंग कॉम्पैक्ट बैटरी है. कंपनी का दावा है कि यह ट्रैक्टर की रनिंग कॉस्ट को डीजल ट्रैक्टर के मुकाबले एक चौथाई कर देती है.
सोनालिका टाइगर की टॉप स्पीड 24.93 kmph है. दो टन की ट्रैक्टर ट्रॉली के साथ इलेक्ट्रिक ट्रैक्टर का बैटरी बैकअप 8 घंटे का है. कंपनी वैकल्पिक तौर पर फास्ट चार्जिंग सिस्टम की भी पेशकश कर रही है. फास्ट चार्जिंग से ट्रैक्टर केवल 4 घंटों में फुल चार्ज हो सकता है.
सोनालिका ग्रुप के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर रमन मित्तल ने कहा कि टेक्नोलॉजी के मामले में लगातार नई इनोवशन उपलब्ध कराने का हमारा हर किसान से वादा है ताकि खेती और मुनाफा बेहतर हो सके. टाइगर इलेक्ट्रिक ट्रैक्टर के साथ हमने कॉन्सेप्ट और फील्ड रेडी मॉडल के बीच का गैप भरा है. साथ में फार्म मैकेनाइजेशन टेक्नोलॉजी में ग्लोबल बेंचमार्क्स के साथ तालमेल भी बैठाया है.

