अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट का असर मंगलवार को घरेलू सराफा बाजार में कीमती धातुओं के भाव पर देखा गया. राजधानी दिल्ली में 24 कैरेट शुद्ध सोने का हाजिर भाव 243 रुपये घटकर 49,653 रुपये प्रति दस ग्राम रह गया. बीते कारोबारी सत्र हाजिर बाजार में सोने का भाव 49,896 रुपये प्रति दस ग्राम पर दर्ज किया गया था.
दूसरी ओर, चांदी का हाजिर भाव भी 216 रुपये गिरकर 67,177 रुपये प्रति किलो पर आ गया. इससे पहले कारोबारी दिन चांदी 67,393 रुपये प्रति किलो पर दर्ज की गई थी.
अंतरराष्ट्रीय बाजार की बात करें, तो सोने-चांदी की कीमतों पर दबाव का रुख रहा. सोने पर बिकवाली का दबाव बना रहा. सोना 1,868 डॉलर प्रति औंस और चांदी 25.70 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी. एचडीएफसी सिक्युरिटीज के सीनियर एनॉलिस्ट (कमोडिटीज) तपन पटेल का कहना है कि डॉलर इंडेक्स में मजबूती के चलते सोने की कीमतों में गिरावट का रुख रहा.
मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के वाइस प्रेसिडेंट, कमोडिटीज रिसर्च नवनीत दमानी का कहना है कि सोने में शुरुआती कारोबार से ही बिकवाली का दबाव देखा गया. अमेरिकी कांग्रेस की तरफ से बहुप्रतिक्षित 900 अरब डॉलर के कोरोनावायरस सहायता पैकेज को मंजूरी से डॉलर को मजबूती मिली. वहीं, ऊपरी कीमतों पर कुछ मुनाफावसूली भी देखी गई.

