भारतीय रिजर्व बैंक ने शुक्रवार को नियमित बैंक बनने के लिए न्यूनतम 1,000 करोड़ रुपये की शुद्ध संपत्ति सहित निर्दिष्ट मानदंडों को पूरा करने वाले छोटे वित्त बैंकों से आवेदन आमंत्रित किए। नवंबर 2014 में रिजर्व बैंक ने निजी क्षेत्र में लघु वित्त बैंकों (एसएफबी) को लाइसेंस देने से संबंधित दिशानिर्देश जारी किए थे। वर्तमान में एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक, इक्विटास स्मॉल फाइनेंस बैंक और उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक सहित लगभग एक दर्जन एसएफबी हैं।
RBI ने कहा कि रेगुलर बैंक बनने का लक्ष्य रखने वाले लघु वित्त बैंकों की पिछली तिमाही के अंत में मिनिमम एसेट वैल्यू 1,000 करोड़ रुपये होनी चाहिए। इसके अलावा उस बैंक के शेयर किसी मान्यता प्राप्त स्टॉक एक्सचेंज में सूचीबद्ध होने चाहिए। एसएफबी को पिछले दो वित्तीय वर्षों में शुद्ध लाभ भी होना चाहिए और पिछले दो वित्तीय वर्षों में इसका जीएनपीए (सकल एनपीए) और एनएनपीए (शुद्ध एनपीए) क्रमशः तीन प्रतिशत और एक प्रतिशत से कम या बराबर होना चाहिए।
शेयरधारिता के संदर्भ में, आरबीआई ने कहा, “पात्र एसएफबी के लिए एक चिह्नित प्रमोटर रखने की कोई बाध्यता नहीं है। हालांकि, पात्र एसएफबी के मौजूदा प्रमोटर, यदि कोई हैं, नियमित बैंक में परिवर्तित होने पर प्रमोटर के रूप में बने रहेंगे”। इसके अलावा, संक्रमण अवधि के दौरान पात्र एसएफबी के लिए नए प्रवर्तकों को जोड़ने या उनमें बदलाव की अनुमति नहीं दी जाएगी। दिसंबर 2019 में केंद्रीय बैंक ने लघु वित्त बैंकों को रेगुलर बैंकों में बदलने से संबंधित प्रक्रिया निर्धारित की थी।

