सीरम इंस्टीट्यूट आफ इंडिया ने अपने द्वारा विकसित किए गए कोरोना वैक्सीन के भारत में इमरजेंसी इस्तेमाल के लिए मंजूरी मांगी है. सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया इसके साथ ही ड्रग कंट्रोलर जनरल आफ इंडिया (DGCI) के पास वैक्सीन के इमरजेंसी इस्तेमाल के लिए आवेदन करने वाली पहली भारतीय कंपनी बन गई है. बता दें कि इसके पहले फाइजर ने अपनी वैक्सीन के भारत में इमरजेंसी इस्तेमाल के लिए DGCI के पास आवेदन किया है. फिलहाल इससे अब भारत में जल्द कोविड 19 वेक्सीन के इस्तेमाल की संभावना बढ़ गई है.
जानकारी के अनुसार सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया ने महामारी के दौरान चिकित्सा आवश्यकताओं और व्यापक स्तर पर जनता के हित का हवाला देते हुए DGCI से ‘कोविशील्ड’ वैक्सीन को मंजूरी दिए जाने का अनुरोध किया है. सूत्रों के अनुसार सीरम इंस्टीट्यूट ने ड्रग कंट्रोलर जनरल आफ इंडिया में आवेदन के दौरान अपने क्लीनिकल परीक्षण का हवाला दिया है. सीरम इंस्टीट्यूट ने कहा है कि क्लीनिकल परीक्षण के चार डाटा से ये जानकारी मिली है कि कोविशील्ड वैक्सीन गंभीर लक्षण वाले कोरेाना मरीजों के इलाज में काफी कारगर साबित हुई है. चार में से दो परीक्षण डाटा ब्रिटेन जबकि एक भारत और एक ब्राजील से संबंधित है.

