नई दिल्ली: फ्रांस की वाहन कंपनी रेनो भारतीय बाजार में अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए नए मॉडल उतारने तथा विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में बिक्री बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित कर रही है। कंपनी के एक शीर्ष अधिकारी का कहना है कि रेनो के लिए भारत दुनिया के शीर्ष दस बाजारों में से है। कंपनी ने हाल में प्रवेश स्तर की क्विड तथा नए मॉडल ट्राइबर के लिए ऑटोमेटेड मैनुअल ट्रांसमिशन (एएमटी) ट्रिम पेश किया है। इसके अलावा इन वाहनों के मैनुअल ट्रांसमिशन वाले संस्करण भी हैं। कंपनी अब अपने उत्पाद पोर्टफोलियो को और मजबूत करने की तैयारी में है।
भारत में रेनो इंडिया ऑपरेशंस के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) एवं प्रबंध निदेशक वेंकटराम मामिलापल्ले ने पीटीआई-भाषा से साक्षात्कार में कहा, ‘‘हम जल्द पूरी तरह नए टर्बो इंजन (पेट्रोल) वाली डस्टर पेश करेंगे। यह अपने खंड में सबसे शक्तिशाली एसयूवी होगी।’’उन्होंने कहा कि इसके अलावा कंपनी भारतीय बाजार के लिए पूरी तरह नए उत्पाद लाने की तैयारी कर रही है। वेंकटराम ने कहा भारत रेनो के लिए महत्वपूर्ण बाजारों में से है। पिछले कुछ साल से कुल बिक्री के लिहाज से यह कंपनी के लिए शीर्ष 10 वैश्विक बाजारों में से है।

