नयी दिल्ली: रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) ने 53,125 करोड़ रुपये के भारत के सबसे बड़े राइट इश्यू के लिए रिकॉर्ड तिथि 14 मई तय की है। उस दिन कारोबार की समाप्ति पर जो इकाई कंपनी की के शेयरधारकों में होगी वह इन निर्गम में शेयर के आवेदन करने की पात्र होगी। अरबपति कारोबारी मुकेश अंबानी की कंपनी ने 30 अप्रैल को राइट्स इश्यू के जरिए 53,125 करोड़ रुपये जुटाने की घोषणा की थी।
यह लगभग तीन दशक में आरआईएल द्वारा लाया जा रहा इस तरह का पहला निर्गम है। इस निर्गम के तहत प्रत्येक 15 शेयर पर एक शेयर की पेशकश की जाएगी। निर्गम के तहत एक शेयर कीमत 1,257 रुपये होगा, जो 30 अप्रैल के बंद भाव के मुकाबले 14 प्रतिशत कम है। आरआईएल के शेयर के भाव तब से बढ़कर 1,561.80 (शुक्रवार का बंद भाव) रुपये पर आ गए हैं, लेकिन राइट इश्यू की कीमत यथावत बनी रहेगी।
कंपनी ने शेयर बाजार को बताया, ‘‘हम आपको सूचित करते हैं कि कंपनी के निदेशक मंडल द्वारा गठित राइट्स इश्यू कमेटी ने राइट एंटाइटेलमेंट पाने के हकदार इक्विटी शेयरधारकों के निर्धारण के लिए ‘रिकॉर्ड तिथि’ के रूप में गुरुवार, 14 मई 2020 की तारीख तय की है।’’

