एसयूवी बनाने वाली कंपनी महिंद्रा अपनी ऑफ-रोडर एसयूवी थार (Thar) का न्यू-जेनरेशन मॉडल लाने की तैयारी में है। नई 2020 महिंद्रा थार अगस्त में लॉन्च की जा सकती है। न्यू-जेनरेशन महिंद्रा थार की नई लीक तस्वीर सामने आई है, जो प्रॉडक्शन रेडी वर्जन (बाजार में लॉन्च होने वाला मॉडल) की है।
लीक तस्वीर में एसयूवी के ऊपर सफेद प्लास्टिक जैसा कवर है, जो आमतौर पर डीलर यार्ड्स में भेजे जाने से पहले नए वाहनों पर लगाया जाता है। आपको बता दें कि नई महिंद्रा थार को लॉकडाउन से पहले कई बार टेस्टिंग के दौरान भी देखा गया है।
हालांकि नई थार का ओवरऑल प्रोफाइल मौजूदा मॉडल की तरह रहने की उम्मीद है। हालांकि, न्यू-जेनरेशन मॉडल की स्टाइलिंग मौजूदा मॉडल से अलग होगी। लेकिन एक तय है कि नई थार नए चेसिस और नए बॉडी पैनल के साथ आएगी।
नई महिंद्रा थार नए एमिशन नॉर्म्स बीएस6 के मुताबिक ही लॉन्च की जाएगी। इसमें 2.2-लीटर डीजल इंजन मिलेगा, जो 140hp का पावर जेनरेट करता है।
इस एसयूवी में 6-स्पीड मैन्युअल गियरबॉक्स दिया जाएगा साथ ही ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन का विकल्प भी दिया जाएगा। हालांकि शुरुआत में सिर्फ मैन्युअल गियरबॉक्स ही दिए जाने की उम्मीद है।

