नयी दिल्ली। ऑटोमोबाइल डीलर्स बॉडी एफएडीए (फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशंस) ने गुरुवार को कहा कि मई 2019 के मुकाबले इस साल समान महीने में पैसेंजर व्हीकल (पीवी) की रिटेल सेल्स 86.97 फसीदी घटकर 30,749 यूनिट्स रह गई। पिछले साल मई में पीवी सेल्स 2,35,933 यूनिट्स रही थी। पीवी की सेल्स में इतनी भारी गिरावट कारण कोरोनावायरस लॉकडाउन बताया गया है। इनमें दोपहिया यानी टूव्हीलर गाड़ियों की सेल्स देखें तो मई 2019 में 14,19,842 यूनिट्स की तुलना में ये 88.8 फीसदी लुढ़क कर 1,59,039 यूनिट्स रह गई।
कमर्शियल वाहनों की सेल्स 96.63 फीसदी घट कर 2,711 यूनिट्स रह गई, जो पिछले साल इसी महीने में 80,392 यूनिट्स थी। पिछले साल की 51,430 यूनिट्स की तुलना में पिछले महीने थ्री-व्हीलर यानी तिपहिया वाहनों की बिक्री 96.34 प्रतिशत घटकर 1,881 यूनिट्स रह गई। टोटल सेल्स देखें तो मई 2019 में 18,21,650 यूनिट्स के मुकाबले पिछले महीने ये 88.87 प्रतिशत घट कर 2,02,697 यूनिट्स रह गई। एफएडीए के अध्यक्ष आशीष हंसराज काले ने कहा कि मई के अंत में 26,500 आउटलेट्स में से 60 फीसदी शोरूम और 80 फीसदी वर्कशॉप देश भर में चालू थीं।
महीने के शुरुआत में कार कंपनियों ने अपनी सेल्स के आंकड़े पेश किए थे। लॉकडाउन के कारण वे आंकड़े तुलनात्मक नहीं माने जा रहे। मारुति की पिछले साल मई के मुकाबले इस साल समान महीने सेल्स 86 फीसदी घटी। मई 2019 में 1,34,641 यूनिट्स के मुकाबले इस साल मई में कंपनी सिर्फ 18,539 यूनिट्स बेच सकीं। मारुति की घरेलू बिक्री 88.93 फीसदी गिर कर 13888 यूनिट्स और एक्सपोर्ट 48.82 फीसदी लुढ़क कर 4651 यूनिट्स रह गया। वहीं मई 2019 में 59102 यूनिट्स के मुकाबले मई 2020 में हुंडई 78.7 फीसदी कम सिर्फ 12583 कारें बेच सकी। इसकी भारत में बिक्री 42502 यूनिट्स से 83.8 फीसदी घट कर 6883 यूनिट्स रह गई। वहीं एक्सपोर्ट 16600 यूनिट्स की तुलना में 5700 यूनिट्स रह गया।

