मुंबई: वित्तीय कंपनियों के शेयरों में तेजी के साथ बीएसई (पूर्व में बंबई शेयर बाजार)सेंसेक्स सोमवार को करीब 180 अंक की बढ़त के साथ बंद हुआ। हालांकि एशिया के अन्य प्रमुख बाजारों में गिरावट का रुख रहा। कारोबार के दौरान 482 अंक मजबूत होने के बाद 30 शेयरों वाला सेंसेक्स अंत में 179.59 अंक यानी 0.52 प्रतिशत मजबूत होकर 34,911.32 अंक पर बंद हुआ।
इसी प्रकार, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 66.80 अंक यानी 0.65 प्रतिशत मजबूत होकर 10,311.20 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स के शेयरों में बजाज ऑटो सर्वाधिक लाभ में रहा। कंपनी का शेयर करीब 7 प्रतिशत मजबूत हुआ। इसके अलावा बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, कोटक बैंक, पावरग्रिड और एक्सिस बैंक में भी तेजी रही। दूसरी तरफ ओएनजीसी, एचडीएफसी, टीसीएस और रिलायंस इंडस्ट्रीज नुकसान में रहीं। आनंद राठी के इक्विटी शोध प्रमुख (फंडामेंटल) नरेंद्र सोलंकी ने कहा कि एशियाई बाजारों में मिले-जुले रुख के बीच घरेलू बाजार बढ़त के साथ खुले।

