ओला इलेक्ट्रिक के इलेक्ट्रिक स्कूटर खरीदकर लोग बुरे फंस गए हैं, हजारों ग्राहक स्कूटर में आ रही अलग-अलग समस्याओं को लेकर परेशान हैं। ग्राहकों की ये समस्याएं ओला इलेक्ट्रिक के लिए अब बड़ा सिरदर्द बन गई हैं। इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बनाने वाली कंपनी ओला के खिलाफ एक साल में गुणवत्ता और बिक्री के बाद की सेवा से जुड़ी 10,000 से ज्यादा शिकायतें मिली हैं। इन शिकायतों का समाधान नहीं होने के बाद उपभोक्ता अधिकार नियामक सीसीपीए ने ओला के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। सीसीपीए ने इस मामले में ओला इलेक्ट्रिक को नोटिस जारी किया है।
सूत्रों के मुताबिक, नेशनल कंज्यूमर हेल्पलाइन (एनसीएच) को पिछले एक साल से ओला इलेक्ट्रिक के खिलाफ शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों को समाधान के लिए कंपनी के हाईकमान के पास भेजा गया था, लेकिन कंपनी ने इन शिकायतों के समाधान में वह दिलचस्पी नहीं दिखाई, जो उसे दिखानी चाहिए थी। सूत्र ने बताया कि केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण (सीसीपीए) ने सामूहिक कार्रवाई शुरू कर इन शिकायतों की जांच शुरू की और पाया कि एनसीएच को पिछले एक साल में 10,000 से ज्यादा शिकायतें मिलीं। ग्राहकों की शिकायतों में मुफ्त सेवा अवधि/वारंटी के दौरान पैसे लेना, देरी से और असंतोषजनक सेवा, वारंटी सेवाओं में देरी या सेवा से साफ इनकार, अपर्याप्त सेवा, सेवा के बावजूद बार-बार खराबी, गलत दावे करना, अधिक कीमत लेना और गलत चालान शामिल हैं।
इसके अलावा रिफंड और दस्तावेजों, गैर-पेशेवर व्यवहार, समाधान के बिना शिकायतों को बंद करना, बैटरी और स्पेयर पार्ट्स से जुड़े कई मुद्दे भी हैं।

