अगर आप म्यूचुअल फंड में निवेश करते हैं तो इस खबर को ज़रूर पढ़िए क्योंकि आपको ज़ोर का झटका लग सकता है। आजकल म्यूच्यूअल फण्ड की बहार है, जिसे देखों सभी SIP के माध्यम से म्यूच्यूअल फण्ड में निवेश कर रहे हैं लेकिन क्या आपको मालूम है कि बाजार में मौजूद 76 फीसदी म्यूचुअल फंड इंडेक्स से ज्यादा रिटर्न नहीं दे पाते हैं. ये बात 157 म्यूचुअल फंड स्कीमों की स्टडी में सामने आई है. इन म्यूचुअल फंड स्कीमों में से 119 म्यूचुअल फंड इंडेक्स से ज्यादा रिटर्न नहीं दे पाए हैं. पिछले सात वर्षों में केवल 38 म्यूचुअल फंडों ने निवेशकों को इंडेक्स से अधिक रिटर्न दिया है। एक बिजनेस अखबार में छपी रिपोर्ट के अनुसार इस अध्ययन में लार्जकैप, मिडकैप, फोकस्ड फंड, लार्जकैप, फ्लेक्सीकैप, ईएलएसएस, वैल्यू फंड, स्मॉलकैप और कॉन्ट्रा फंड शामिल थे.
सभी श्रेणियों में मिडकैप फंडों का प्रदर्शन सबसे खराब रहा है। बाजार में सात साल पूरे करने वाले 21 मिडकैप फंडों में से 20 योजनाओं ने अपने सूचकांक से कमजोर प्रदर्शन किया है। लार्ज और मिडकैप श्रेणी में 90 प्रतिशत फंडों ने अपनी श्रेणी में खराब प्रदर्शन किया है। इसमें 20 में से 18 म्यूचुअल फंडों ने अपने बेंचमार्क से कम रिटर्न दिया है. स्मॉलकैप कैटेगरी में फंडों का प्रदर्शन सबसे अच्छा रहा है. बाजार में सात साल पूरे करने वाले 13 स्मॉलकैप फंडों में से केवल 3 ने अपने बेंचमार्क से कमजोर प्रदर्शन किया है। बाकी 10 म्यूचुअल फंड स्कीमों ने बेंचमार्क से बेहतर रिटर्न दिया है.
वहीँ लार्जकैप फंडों ने भी निवेशकों को निराश किया है. अध्ययन में शामिल 23 लार्ज कैप फंडों में से 19 म्यूचुअल फंडों ने खराब प्रदर्शन किया है। वहीं टैक्स सेविंग म्यूचुअल फंड ईएलएसएस का भी हाल लगभग वैसा ही है। अध्ययन में शामिल 32 में से 25 म्यूचुअल फंडों ने खराब प्रदर्शन किया है।

