वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आज अंतरिम बजट पेश कर दिया है। इस बजट में कई अहम घोषणाएं की गई जिनमें हाउसिंग सेक्टर को लेकर सबसे महत्वपूर्ण घोषणाएं हुई. बजट में हाउसिंग स्कीम को लेकर बड़ी घोषणा की गई, सरकार मिडिल क्लास के लिए नई हाउसिंग स्कीम लाएगी, सरकार पीएम आवास योजना के तहत 2 करोड़ घर और बनाएगी। इससे पहले सरकार ने तीन करोड़ घर बनाने का दावा किया है.
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अंतरिम बजट में कहा कि प्रधानमंत्री की मंशा है कि देश में हर व्यक्ति् का अपना घर हो. वित्तमंत्री ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि मिडिल क्लास के लिए नई आवास योजना के तहत अगले 5 साल में 2 करोड़ नए घर बनाए जाएंगे। किराए के घरों, झुग्गी बस्तियों में रहने वालों के लिए सरकार गंभीर है। सभी को आवास देने के लिए सरकार कृत संकल्पित है। यह घोषणा मोदी सरकार के ‘सभी के लिए आवास’ मिशन के अनुरूप है जिसमें चल रही पीएम आवास योजना-शहरी और पीएम आवास योजना-ग्रामीण शामिल हैं. वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि PMAY-ग्रामीण योजना के तहत 3 करोड़ घर बनाए गए हैं. उन्होंने कहा कि परिवारों की संख्या बढ़ने से पैदा होने वाली घरों की मांग को पूरा करने के लिए अगले 5 साल में अतिरिक्त 2 करोड़ घर बनाए जाएंगे.
पिछले बजट में अर्बन और अफोर्डेबल हाउसिंग पर ध्यान देने के साथ, केंद्रीय बजट 2023 में प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए आवंटन वित्त वर्ष 2024 के लिए 66 फीसदी बढ़ाकर 79,000 करोड़ कर दिया गया था.

