मुंबई: आवास रिण देने वाली कंपनी एलआईसी हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड (एलआईसीएचएफएल) ने बुधवार को कहा कि उसने आवास रिण लेने वाले नये ग्राहकों के लिये ब्याज दर को घटाकर 6.90 प्रतिशत कर दिया है। आवास रिण पर यह अब तक की सबसे निम्न ब्याज दर है। जिन ग्राहकों का सिबिल स्कोर 700 अथवा इससे अधिक होगा उन्हें इस दर पर आवास रिण उपलब्ध कराया जायेगा।
एलआईसी हाउसिंग फाइनेंस ने एक वक्तव्य में कहा है कि सिबिल में 700 अथवा इससे अधिक स्कोर रखने वाले ग्राहकों के लिये 50 लाख रुपये तक के आवास रिण पर ब्याज की दर 6.90 प्रतिशत से शुरू होगी। इसी प्रकार इतने ही स्कोर के साथ 80 लाख रुपये से अधिक आवास रिण लेने वालों के लिये 7 प्रतिशत की ब्याज दर होगी।
एलआईसीएचएफएल के प्रबंध निदेशक और सीईओ सिद्धार्थ मोहंती ने कहा, ‘‘कंपनी के आवास रिण पर ब्याज दर अब तक के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गई है इसलिये ग्राहकों को कर्ज पर मासिक किस्त का भुगतान भी कम होगा। आकर्षक मूल्य अंकों और सस्ती ईएमआई से मकान खरीदने के लिये मांग बढ़ाने में मदद मिलेगी।’’

