भारत के घरेलू शेयर बाजार बूम पर है, विदेशी निवेशक हो या फिर घरेलू निवेश शेयर बाज़ार में लगातार निवेश बढ़ाते जा रहे हैं. अभी वाइब्रेंट गुजरात समिट में अकेले अडानी ग्रुप ने गुजरात में 2 लाख करोड़ का निवेश करने का एलान किया, इसी तरह रिलायंस भी 40000 करोड़ का निवेश गुजरात में करने जा रही है, वेलस्पन और मारुति ने भी हज़ारों करोड़ का निवेश करने की घोषणा की है. कहने का मतलब देश में बढ़ते निवेश को देखते हुए आम लोगों ने भी शेयर बाजार का रुख करना शुरू कर दिया है. हो सकता है आपने भी शेयर बाजार में उतरने का मन बनाया हो, अगर ऐसा है तो आपको कुछ बातों को जानना बेहद ज़रूरी है क्योंकि शेयर बाजार में निवेश करना एक जोखिम का काम है. यहाँ काफी धैर्य, संयम और अनुशासन की ज़रुरत होती है, अगर आप इनका पालन नहीं करते हैं तो आपका निवेश खतरे में पड़ सकता है तो चलिए हम आपको कुछ बेसिक बातें बताते हैं जिन्हें शेयर बाजार में उतरने से पहले जानना ज़रूरी होता है.
पहला काम तो ये कि कहीं भी निवेश करने से पहले उस कंपनी के बारे आपको अच्छी तरह से जानकारी हासिल करना चाहिए, बिना रिसर्च किए अगर आप निवेश करेंगे तो मुसीबत में फंस सकते हैं। किसी भी कंपनी के शेयर खरीदने से पहले उस कंपनी के रिस्क और रिवॉर्ड का समझना बहुत ज़रूरी होता है अगर ये 1:2 के अनुपात में है तो बेहतर है। बाजार में एक कहावत है कि ज़्यादा जोखिम मतलब ज़्यादा रिवॉर्ड लेकिन ये कहावत सटोरियों के लिए सही है निवेशकों के लिए नहीं. शेयर बाज़ार में निवेश कभी भी भावनाओं में बहकर नहीं करना चाहिए। अक्सर नुक्सान के समय लोग भावुक हो जाते हैं और फिर गलत फैसला करते हैं , उस समय बेहतर यही है कि कुछ समय के लिए शेयर बाजार से दूर हो जांय।
एक और अहम बात वो यह कि फायदे और नुक्सान का लक्ष्य निवेश से पहले तय कर लेना चाहिए और एक अनुशासित सिपाही की तरह इस पर पालन करना चाहिए। कई बार ऐसा होता है कि आपको किसी शेयर में अच्छा मुनाफा मिल रहा होता है और आप इस लालच में उस शेयर को नहीं बेचते कि इसमें अभी और आगे जाने की क्षमता है और वो स्टॉक आपको धोखा देता है और आपका मुनाफा चला जाता है , इसी तरह किसी स्टॉक में काफी गिरावट आ जाती है मगर आप उसमें से एग्जिट नहीं करते ये सोचकर ये पलटकर वापस आएगा, आप एवरेजिंग भी करते हैं मगर स्टॉक और नीचे चला जाता है और आपका निवेश जीरो भी हो सकता है. इसके अलावा अपने पोर्टफोलियो को भी समय समय पर बदलते रहना चाहिए।

