नई दिल्ली: RBI ने यस बैंक का बेलआउट प्लान लगभग तैयार कर लिया है। मिल रही जानकारी के अनुसार SBI समेत कुछ विदेशी निवेशक इसमें पैसा लगाने को लेकर RBI को अपना प्रस्ताव दिया है। हालांकि अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
SBI, यस बैंक में करीब 1 अरब डॉलर निवेश कर सकता है। विदेशों से भी 5 से 7,000 करोड़ रुपये का निवेश आने की उम्मीद है। यस बैंक में एचडीएफसी ग्रुप और ICICI ग्रुप से भी निवेश की संभावना है। इधर यस बैंक में राकेश झुनझुनवाला और राधाकृष्ण दमानी ने भी दिलचस्पी दिखाई है।
अब यस बैंक में निवेश की रणनीति RBI तय करेगा। आरबीआई सभी निवेशकों के प्रस्ताव की समीक्षा करेगा। इस पर रिज़र्व बैंक 12 मार्च को फैसला दे सकता है। RBI ही निवेशकों को शॉर्ट लिस्ट करेगा। यस बैंक में SBI 26-30 फीसदी इक्विटी रखेगा।
संभावित निवेशकों की बात करें तो यस बैंक में SBI 5000-7000 करोड़ रुपये का निवेश कर सकता है। वहीं, FIIs और PE Fund 5000 से 7000 करोड़ रुपये का निवेश कर सकते हैं। ICICI Pru MF से 700-1000 करोड़ रुपये का निवेश आ सकता है। वहीं, एचडीएफसी ग्रुप 700-1000 करोड़ रुपये लगा सकता है। वहीं, यस बैंक में राकेश झुनझुनवाला 350-500 करोड़ रुपये और राधाकृष्ण दमानी 350-500 करोड़ रुपये निवेश कर सकते हैं।

