बुधवार को इन्फोसिस के शेयर दबाव में दिखे. दोपहर तक यह शेयर एक फीसदी तक टूट चुका था. दरअसल बुधवार को बाजार खुलते ही इनसाइडर ट्रेडिंग के आरोप में इन्फोसिस के कर्मचारियों पर सेबी की कार्रवाई का असर शेयरों की कीमतों पर दिखने लगा था. कंपनी के दो बड़े अधिकारियों को शेयर बाजार में कारोबार करने पर रोक दिया गया है. सेबी ने इन्फोसिस पर कोई कार्रवाई नहीं की है लेकिन बुधवार को कंपनी के शेयर गिर कर कारोबार कर रहे थे. खबर लिखे जाने के समय निफ्टी पर इंफोसिस के शेयर 14.05 रुपये की गिरावट के साथ 1,373.15 रुपये पर और बीएसई सेंसेक्स पर 14.40 रुपये की गिरावट के साथ 1,373.00 रुपये के भाव पर ट्रेड कर रहे हैं.
इन्फोसिस के कॉरपोरेट अकाउंटिंग के सीनियर प्रिंसिपल वेंकट सुब्रमण्यम और सीनियर कॉरपोरेट वकील प्रांशु भुटरा और छह अन्य कंपनियों और लोगों को अगले आदेश तक शेयरों की खरीद-बिक्री से रोक दिया गया है. वेंकट सुब्रमण्यम और प्रांशु भुटरा पर अमित भुटरा पर भरत सी जैन, कैपिटल वन पार्टनर्स, टेसोरा कैपिटल, मनीष सी जैन और अंकुश भुटरा को अंदरुनी सूचना देने का आरोप है. इससे इन लोगों ने फ्यूचर एंड ऑप्शन में डीलिंग कर तीन करोड़ रुपये की अवैध कमाई की थी. जिस डीलिंग की जांच हो रही है वे जुलाई 2020 की हैं. यह वक्त इन्फोसिस के रिजल्ट जारी किए जाने के ठीक पहले और बाद का था.

