साप्ताहिक अवकाश और क्रिसमस की छुट्टी के बाद खुले भारतीय शेयर बाजार तेज़ी के नोट में बंद हुए। बीएसई इंडेक्स सेंसेक्स 229 अंक की बढ़त के साथ 71,336.80 पर बंद हुआ। वहीँ नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का सूचकांक निफ्टी आज 91 अंक की बढ़त लेकर 21,441 पर क्लोज हुआ। सेंसेक्स के 30 शेयरों की बात करें तो 24 शेयर हरे निशान और 6 शेयर लाल निशान पर बंद हुए। वहीँ निफ्टी के 50 शेयरों में से 41 शेयर हरे निशान और 9 शेयर लाल निशान पर बंद हुए। सेंसेक्स के शेयरों में सबसे अधिक तेजी टाटा स्टील, एनटीपीसी, महिंद्रा एंड महिंद्रा, कोटक बैंक, विप्रो और एशियन पेंट में देखी गयी। वहीं सबसे अधिक गिरावट वाले शेयर बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, इंटीसीएस, टाटा मोटर्स, फोसिस और एचसीएल टेक के रहे ।
सेक्टोरल सूचकांकों में मंगलवार को सबसे अधिक उछाल निफ्टी ऑयल एंड गैस में 1.51 फीसदी, निफ्टी हेल्थकेयर में 1.25 फीसदी, निफ्टी मेटल में 1.14 फीसदी, निफ्टी फार्मा में 1.03 फीसदी और निफ्टी ऑटो में 0.98 फीसदी दर्ज हुई। वहीँ निफ्टी आईटी में 0.41 फीसदी, निफ्टी मीडिया में 0.58 फीसदी और निफ्टी पीएसयू बैंक में 0.15 फीसदी की गिरावट दर्ज हुई।
हालांकि देखा जाय तो आज मार्केट में उठा-पटक भी काफी रही, शुरुआती कारोबार में रेड और ग्रीन जोन में झूलने के बाद बाजार ने रफ़्तार पकड़ी, इसके बाद सेंसेक्स-निफ़्टी दोनों लगातार ग्रीन जोन में बने रहे और अंत में अच्छी बढ़त के साथ बंद हुए। इस तेजी में निवेशकों ने आज 2.15 लाख करोड़ रुपये की कमाई की। पिछले तीन कारोबारी सत्रों में निवेशकों की पूंजी 8.74 लाख करोड़ रुपये बढ़ी है। ग्लोबल मार्किट की बात करें तो ऑस्ट्रेलिया, हांगकांग, इंडोनेशिया और न्यूजीलैंड में फाइनेंशियल मार्केट मंगलवार को सार्वजनिक अवकाश के चलते बंद रहे।

