लगातार दो महीने की निकासी के बाद अक्टूबर महीने में डेट आधारित म्यूचुअल फंड स्कीम्स में निवेश बढ़ा है. एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स ऑफ इंडिया (एएमएफआई) द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक अक्टूबर महीने में डेट म्यूचुअल फंड में 1.1 लाख करोड़ का निवेश हुआ है. इसकी सबसे बड़ी वजह लिक्विड फंड्, मनी मार्केट और छोटी अवधि की श्रेणी में निवेश बढ़ोतरी है. डेट म्यूचुअल फंड्स का एसेट्स अंडर मैनेजमेंट (एयूएम) सितंबर में 12.87 लाख करोड़ से बढ़कर अक्टूबर में 13.28 लाख करोड़ हो गया.
एएमएफआई के आंकड़ों के मुताबिक अगस्त में 3,907 करोड़ और सितंबर में 51,962 करोड़ का आउटफ्लो रहा यानी इन दोनों महीनों में ही 55,869 करोड़ रुपयों की निकासी हुई.
मार्निंगस्टार इंडिया के एसोसिएट डायरेक्टर-मैनेजर रिसर्च हिमांशु श्रीवास्तव के मुताबिक फिक्स्ड इनकम श्रेणी के निवेशकों का मुख्य फोकस इस समय शॉर्टर ड्यूरेशन प्रोफाइल पर रहा है. इस वजह से अल्ट्रा शॉर्ट, कम अवधि वाले मनी मार्केट और शॉर्ट ड्यूरेशन फंड्स में निवेश बढ़ा है. इसके अलावा बैंकिंग और पीएसयू फंड्स, और कॉरपोरेट बांड्स के प्रति निवेशकों का आकर्षण बढ़ा है. उनका मानना है कि इस सेग्मेंट में उनका निवेश सुरक्षित है.

