नई दिल्ली: भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (CCI) ने बुधवार को कहा कि उसने इंटरनेट क्षेत्र की बड़ी कंपनी गूगल को देश की प्रमुख डिजिटल कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स में 7.73 फीसदी हिस्सेदारी खरीदने के प्रस्तावित सौदे को मंजूरी दे दी. इस साल जुलाई में इस डील का एलान हुआ था. इससे गूगल और जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड (JPL) को देश में नए स्मार्टफोन को विकसित और लॉन्च करने की सुविधा मिलेगी.
इसमें कहा गया कि गूगल ने रिलायंस इंडस्ट्रीज के टेक्नोलॉजी वेंचर जियो प्लेटफॉर्म्स में 33,737 करोड़ रुपये का निवेश कर 7.7 फीसदी हिस्सेदारी खरीदने का समझौता किया है. सीसीआई ने ट्वीट कर कहा कि आयोग ने जियो प्लेटफार्म्स में गूगल द्वारा 7.73 फीसदी हिस्सेदारी के अधिग्रहण को मंजूरी दे दी है. एक सीमा से ज्यादा की डील के लिए सीसीआई से मंजूरी लेने की जरूरत होती है.
रेगुलेटर के पास फाइल किए गए नोटिस के मुताबिक, प्रस्तावित ट्रांजैक्शन से गूगल और JPL को भारत में नया स्मार्टफोन विकसित और लॉन्च करने में मदद मिलेगी. नोटिस के मुताबिक इस समझौते के बाहर गूगल और JPL अपने कारोबार को स्वतंत्र तौर पर करना जारी रखेंगे.
बता दें कि जियो और गूगल मिलकर एंड्रॉयड बेस्ड स्मार्टफोन बनाएंगे. साथ ही दोनों कंपनियां स्मार्टफोन के लिए ऑपरेटिंग सिस्टम बनाएंगे. जुलाई में कंपनी की एजीएम में मुकेश अंबानी ने कहा था कि गूगल के साथ पार्टर्नरशिप से भारत को 2जी मुक्त बनाने की राह आसान होगी.

