इस बार प्लेसमेंट के मामले में आईआईएम कलकत्ता ने नया कीर्तिमान स्थापित किया है। संसथान ने अपने प्रमुख एमबीए प्रोग्राम के 61वें बैच के लिए 100 प्रतिशत समर प्लेसमेंट हासिल किया है। इसके तहत 475 छात्रों को विभिन्न क्षेत्रों की 175 कंपनियों से 564 ऑफर मिले हैं।
विदेशी कंपनियों ने अधिकतम 6.75 लाख रुपये मासिक वेतन की पेशकश की। घरेलू कंपनियों ने जहां अधिकतम 3.67 लाख रुपये मासिक वेतन की पेशकश की, वहीं अंतरराष्ट्रीय कंपनियों ने आईआईएम कलकत्ता के छात्रों को अधिकतम 6.75 लाख रुपये मासिक वेतन की पेशकश की। प्लेसमेंट गतिविधियों की अध्यक्ष प्रोफेसर रितु मेहता ने कहा, “ग्रीष्मकालीन इंटर्नशिप प्रस्तावों के परिणामों ने एक बार फिर हमारे छात्रों की अत्यधिक प्रतिस्पर्धी परिदृश्य में भविष्य के लिए तैयारी को प्रदर्शित किया है।”
आईआईएम कलकत्ता ने अपने बयान में कहा कि प्लेसमेंट सप्ताह में भाग लेने वाले शीर्ष 5 प्रतिशत छात्रों को कंपनियों से 3 लाख रुपये मासिक वेतन के प्रस्ताव मिले हैं। उन्होंने कहा, “विश्व स्तर पर, प्रबंधन नौकरियों को एक बार फिर से समायोजित किया जा रहा है और नौकरी की पोस्टिंग कम की जा रही है, इसलिए हम अपने नियोक्ताओं के प्रति बेहद आभारी हैं कि उन्होंने हमारे छात्रों और हमारी शिक्षा प्रक्रिया में अपना विश्वास फिर से जताया।” पिछले वर्षों की तरह, आईआईएम कलकत्ता में एफएमसीजी, विनिर्माण, वित्त, परामर्श, प्रौद्योगिकी, फार्मा और शिक्षा जैसे सभी प्रमुख क्षेत्रों की कंपनियों ने भाग लिया।

