फेसबुक इंडिया ऑनलाइन सर्विसेज का शुद्ध लाभ पिछले वित्त वर्ष (2023-24) में 43 फीसदी बढ़कर 504.9 करोड़ रुपये हो गया। बता दें कि वित्त वर्ष 2022-23 में कंपनी का शुद्ध लाभ 352.91 करोड़ रुपये था। फेसबुक इंडिया ऑनलाइन सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड भारत में ग्राहकों को विज्ञापन बेचने और मेटा प्लेटफॉर्म्स इंक को आईटी-सक्षम सहायता सेवा और डिजाइन सहायता सेवा प्रदान करने के कारोबार में है।
कंपनी ने पिछले वित्त वर्ष में 9.33 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ 3034.82 करोड़ रुपये का कारोबार किया, जबकि वित्त वर्ष 2022-23 में यह 2775.78 करोड़ रुपये रहा। रिपोर्ट में वित्त वर्ष 2023-24 के लिए कंपनी का कुल व्यय 2,350 करोड़ रुपये बताया गया है। वहीं एक और अग्रणी प्रौद्योगिकी कंपनी गूगल इंडिया का शुद्ध लाभ वित्त वर्ष 2023-24 में 6 प्रतिशत बढ़कर 1424.9 करोड़ रुपये हो गया, जबकि वित्त वर्ष 2022-23 में कंपनी का शुद्ध लाभ 1342.5 करोड़ रुपये था।
रिपोर्ट के अनुसार, पिछले वित्त वर्ष में गूगल इंडिया की कुल आय 7097.5 करोड़ रुपये थी। इसमें चालू परिचालन से राजस्व 5921.1 करोड़ रुपये और बंद परिचालन से 1176.4 करोड़ रुपये था। वित्त वर्ष 2020-21 में गूगल इंडिया ने गूगल आईटी सर्विसेज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के साथ कंपनी के आईटी कारोबार उद्यम को अलग करने के लिए एनसीएलटी में आवेदन दायर किया था। गूगल ने स्टॉक एक्सचेंज फाइलिंग में कहा, “वित्त वर्ष 2023-2024 के दौरान, व्यवस्था की योजना को एनसीएलटी द्वारा 25 मई, 2023 के आदेश के माध्यम से मंजूरी दी गई थी, और यह योजना 30 जून, 2023 से प्रभावी रूप से वित्तीय विवरणों में दिखाई गई थी।”

