नई दिल्ली: कोरोना के कारण पूरी दुनिया में लॉकडाउन की स्थिति है जिससे अर्थव्यवस्था पूरी तरह चौपट हो गई है। इस लॉकडाउन के कारण दुनियाभर के रईसों के अरबों डॉलर डूब गए। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी एक बिजनसमैन हैं और उनकी संपत्ति को भी अच्छा-खासा नुकसान हुआ है। फोर्ब्स की रिपोर्ट के मुताबिक मार्च महीने में लॉकडाउन के कारण ट्रंप की संपत्ति को एक अरब डॉलर का नुकसान हुआ है।
इस रिपोर्ट के मुताबिक 1 मार्च को ट्रंप की कुल संपत्ति 3.1 अरब डॉलर थी जो 18 मार्च को घटकर 2.1 अरब डॉलर हो गई। इस दौरान शेयर मार्केट इस तरह क्रैश हुआ कि विश्व भर के 267 रईसों ने अरबपति का दर्जा खो दिया। वर्तमान में विश्व में 2095 डॉलर अरबपति हैं। इनमें से करीब 1062 अरबपतियों की संपत्ति में पिछले साल के मुकाबले भारी गिरावट आई है।

