होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया (HMSI) ने अपनी नई क्रूजर बाइक H’Ness CB350 (हाइनेस CB350) से पर्दा उठा दिया है. इस बाइक का बुधवार को भारत में ग्लोबल डेब्यू किया गया. Honda H’Ness CB350 मेड इन इंडिया बाइक है. यह भारत में अक्टूबर के पहले 15 दिनों में लॉन्च होगी. H’Ness CB350 बाइक Royal Enfield की Classic 350 बाइक की प्रतिद्वंदी होगी. इसके अलावा Jawa और Benelli ब्रांड्स की बाइक्स को भी यह टक्कर देगी.
बाइक की बुकिंग शुरू हो चुकी है. इसे 5000 रुपये के मिनिमम टोकन अमाउंट पर होंडा की आधिकारिक वेबसाइट और विग विंग आउटलेट्स से बुक किया जा सकता है. नई Honda H’ness CB350 6 रंगों में उपलब्ध होगी, जिनमें से तीन ड्युअल टोन शेड हैं. बाइक को दो वेरिएंट डीलक्स और डीलक्स प्रो में अनवील किया गया है.
Honda H’Ness CB350 में 348 cc सिंगल सिलिंडर, फ्यूल इंजेक्टेड, एयर कूल्ड इंजन है. साथ में 5 स्पीड ट्रांसमिशन सिस्टम दिया गया है. इंजन 20.8 hp पावर और 30 Nm का पीक टॉर्क जनरेट करता है. Honda H’ness CB350 में कई दिलचस्प फीचर मिलेंगे. इनमें ब्लूटूथ कनेक्टिविटी, बैटरी हेल्थ मॉनिटर, ऑल एलईडी लाइटिंग सिस्टम शामिल हैं. इसके अलावा बाइक में अपनी तरह का पहला स्मार्टफोन वॉइस कंट्रोल सिस्टम भी होगा, जो राइडर्स को नेविगेशन इस्तेमाल करने, कॉल व मैसेज रिसीव करने और म्यूजिक सुनने की सुविधा देता है.

