नई दिल्ली: जापान की दिग्गज वाहन कंपनी होंडा (Honda) की योजना अगले महीने से भारत में अपने सभी कारों के दाम बढ़ाने की है। खबरों के मुताबिक कंपनी कथित तौर पर इनपुट लागत में तेजी से बढ़ोतरी के कारण देश में पेश किए जाने वाले अपने सभी उत्पादों की कीमतों में वृद्धि करने की योजना बना रही है। कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि इस्पात और बहुमूल्य धातुओं जैसे आवश्यक जिंसों के दाम बढ़ने की वजह की उसे यह कदम उठाना पड़ रहा है।
कंपनी भारतीय बाजार में सिटी और अमेज सहित विभिन्न मॉडल बेचती है। फिलहाल कंपनी यह तय कर रही है कि वह अपने ग्राहकों पर वाहन कीमतों में वृद्धि का कितना बोझ डालेगी। कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि होंडा ने इसके पीछे बढ़ती लागत को जिम्मेदार ठहराया है।
होंडा कार्स इंडिया के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट और डायरेक्टर (मार्केटिंग एंड सेल्स) राजेश गोयल ने पीटीआई से कहा कि इस्पात, एल्युमीनियम और बहुमूल्य धातुओं जैसे कच्चे माल के दाम बढ़ गए हैं। कुछ जिंसों के दाम तो अपने सर्वकालिक उच्चस्तर पर हैं। इससे हमारी उत्पादन की लागत प्रभावित हो रही है।

