नई दिल्ली: अमूल ब्रांड दूध और उससे बने उत्पादों का कारोबार करने वाली सहकारी कंपनी गुजरात को-ऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन लिमिटेड (GCMMF) का वित्त 2020-21 में कारोबार कोविड-19 के प्रकोप के बावजूद 2 प्रतिशत बढ़कर 39,200 रुपये हो गया। कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर आरएस सोढ़ी (RS Sodhi) ने रविवार को यह जानकारी दी।
GCMMF ने वित्तीय वर्ष 2019-20 के दौरान 17 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 38,550 करोड़ रुपये का राजस्व दर्ज किया था। सोढ़ी ने न्यूज एजेंसी पीटीआई के साथ एक इंटरव्यू में कहा कि बीते वित्त वर्ष के दौरान बिक्री में वृद्धि की रफ्तार थोड़ी धीमी रही लेकिन चालू वित्त वर्ष में इसमें तेजी वापस आने की उम्मीद है।
सोढ़ी ने कहा कि हमने पिछले वित्त वर्ष के दौरान दो प्रतिशत की वृद्धि के साथ 39,200 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इस दौरान ताजा दूध, चीज, दही, छाछ और पनीर जैसे उत्पादों की श्रेणी में बिक्री 8.5-9 प्रतिशत बढ़ी थी।

