यस बैंक में हिस्सेदारी लेने की दौड़ में हिंदुजा ग्रुप भी शामिल हो गया है। सूत्रों ने बताया है कि हिंदुजा ग्रुप उस कंसोर्शियम का हिस्सा है जो यस बैंक में पैसा लगाने वाला है। हिंदुजा ग्रुप ने Cerberus और JC Flowers के साथ हाथ मिलाया है ताकि यस बैंक में 10 फीसदी तक हिस्सेदारी खरीद सके।
नाम जाहिर ना करने की शर्त पर सूत्र ने बताया कि हिंदुजा ग्रुप के मालिकाना हक वाला IndusInd Bank इस डील में शामिल नहीं है।
सूत्रों के मुताबिक, इनवेस्टर्स ने बैंकिंग रेगुलेटर RBI से बातचीत की है और डील की प्राइसिंग के बारे में पूछा है। सूत्र ने कहा, “वैल्यूएशन मौजूदा मार्केट प्राइस के मुकाबले बहुत कम होना चाहिए। मौजूदा प्राइस पर हम यह हिस्सेदारी नहीं लेना चाहते हैं। बैंक की एसेट क्वालिटी की चिंताओं को देखते हुए यह मौजूदा मार्केट भाव ज्यादा है।”
हिंदुजा ग्रुप अपनी ग्रुप एंटिटी IIHL (इंडसइंड इंटरनेशनल होल्डिंग्स लिमिटेड) के जरिए निवेश की संभावनाएं तलाश रहा है। इस ग्रुप का इंडसइंड बैंक पर मालिकाना हक है लिहाजा RBI इसे 10 फीसदी से ज्यादा हिस्सेदारी नहीं लेने देगा।
एक अन्य सूत्र ने बताया कि इस डील में इंडसइंड बैंक शामिल नहीं है क्योंकि यह ग्रुप की फाइनेंशियल इनवेस्टमेंट इकाई है। यस बैंक ने हाल ही में स्टॉक एक्सचेंज को बताया था कि JC फ्लावर्स, टिलडेन पार्क, OHA और सिल्वर प्वाइंट ने नॉन-बाइडिंग एक्सप्रेशन जाहिर किया है। यस बैंक को फंड की सख्त जरूरत है।

