अंतरराष्ट्रीय बाजार में बहुमूल्य धातुओं में तेजी और रुपये के मूल्य में गिरावट से दिल्ली सर्राफा बाजार में सोमवार को सोना 496 रुपये की तेजी के साथ 50,297 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। एचडीएफसी सिक्योरिटीज ने यह जानकारी दी। इससे पिछले कारोबारी सत्र में सोना 49,801 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। चांदी की कीमत भी इस दौरान 2,249 रुपये के उछाल के साथ 69,477 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई। पिछला बंद भाव 67,228 रुपये प्रति किलोग्राम था। सोमवार को सुबह के कारोबार में डॉलर के मुकाबले रुपया 17 पैसे की गिरावट के साथ 73.73 रुपये प्रति डॉलर रह गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना लाभ के साथ 1,898 डॉलर प्रति औंस हो गया जबकि चांदी भी लाभ दर्शाते 26.63 डॉलर प्रति औंस हो गई।
मजबूत हाजिर मांग के कारण सटोरियों ने ताजा सौदों की लिवाली की जिससे वायदा कारोबार में सोमवार को सोना 411 रुपये की तेजी के साथ 50,715 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में फरवरी 2021 के महीने में डिलिवरी वाले सोना वायदा की कीमत 411 रुपये यानी 0.82 प्रतिशत की तेजी के साथ 50,715 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई। इसमें 11,518 लॉट के लिये कारोबार किया गया। बाजार विश्लेषकों ने कहा कि कारोबारियों द्वारा ताजा सौदों की लिवाली से सोना कीमतों में तेजी आई। अंतरराष्ट्रीय बाजार, न्यूयॉर्क में सोना 0.61 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,900.50 डॉलर प्रति औंस हो गया।

