एशिया के सबसे अमीरों में पहले 2 नाम भारतीय कारोबारियों के हो गए हैं. मुकेश अंबानी जहां एशिया के सबसे अमीर कारोबारी हैं, वहीं दूसरे नंबर पर अब अडानी ग्रुप के मालिक गौतम अडानी हो गए हैं. वहीं दुनियाभर के अमीरों में वह 14वें स्थान पर हैं. गौतम अडानी की दौलत में इस साल जोरदार इजाफा हुआ है. साल 2021 में उनकी दौलत करीब 3380 करोड़ डॉलर यानी करीब 2.46 लाख करोड़ बढ़ गई है. टॉप अमीरों की बात करें इस साल सबसे ज्यादा दौलत बढ़ने के मामले में वह दूसरे नंबर पर हैं. फिलहाल उनकी कुल दौलत बढ़कर 4.93 लाख करोड़ रुपये हो गई है.
गौतम अडानी की कुल दौलत 6760 करोड़ डॉलर यानी करीब 4.93 लाख करोड़ हो गई है. इसके साथ ही उन्होंने चीन के झोंग शानशान को पछाड़ दिया है और एशिया के दूसरे सबसे अमीर शख्स बन गए हैं. झोंग शानशान के पास कुल 6560 करोड़ डॉलर की दौलत है और वह एशिया के तीसरे सबसे अमीर शख्स हैं. उनकी दौलत में इस साल 1260 करोड़ डॉलर यानी 91980 करोड़ रुपयों की कमी आई है.
इस समय एशिया के सबसे रईस व्यक्ति मुकेश अंबानी हैं. वह दुनिसा के 13वें सबसे अमीर शख्स हैं. ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के मुताबिक मुकेश अंबानी की कुल दौलत 7630 करोड़ डॉलर यानी 5.57 लाख करोड़ रुपये है. इस साल अंबानी की दौलत में 2905 करोड़ रुपयों की कमी आई है. वहीं अडानी की दौलत 4.93 लाख करोड़ है यानी दोनों अरबपतियों में अब अंतर बेहद कम रह गया है.

