एक तरफ देश में तीसरी बार मोदी सरकार, अबकी बार 400 पार के नारे लग रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ विदेशी निवेशकों के नजरिए पर नजर डालें तो वे इसे लेकर काफी सतर्क नजर आ रहे हैं. चुनाव नतीजों और किसी अज्ञात डर के कारण वे भारतीय शेयर बाजार से तेजी से पैसा निकाल रहे हैं। अप्रैल की बात करें तो डिपॉजिटरी डेटा के मुताबिक विदेशी निवेशक अब तक बाजार से 325 करोड़ रुपये निकाल चुके हैं. वहीं मार्च में 35,000 करोड़ रुपये और फरवरी में 1,539 करोड़ रुपये के निवेश के बाद एफपीआई ने शुद्ध निकासी की है.
एक्सपर्ट्स के मुताबिक, अमेरिकी बॉन्ड यील्ड ज्यादा होने के बावजूद FPI की बिक्री सीमित रहेगी क्योंकि भारतीय शेयर बाजार में तेजी है और लगातार नए रिकॉर्ड बना रहा है. आम चुनाव के बाद या अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरों में कटौती के शुरुआती संकेत मिलने पर एफपीआई वापसी कर सकते हैं।
आपको बता दें कि चुनौतीपूर्ण वैश्विक माहौल के बीच देश की मजबूत आर्थिक नींव के चलते विदेशी निवेशकों ने वित्त वर्ष 2023-24 में भारतीय शेयर बाजार में 2 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का निवेश किया था. विशेषज्ञों के मुताबिक, विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) ने भारतीय इक्विटी बाजारों में लगभग 2.08 लाख करोड़ रुपये और ऋण या बांड बाजार में 1.2 लाख करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश किया है। कुल मिलाकर उन्होंने पूंजी बाजार में 3.4 लाख करोड़ रुपये का निवेश किया. पिछले दो वित्तीय वर्षों में शेयरों से शुद्ध निकासी के बाद यह जोरदार वापसी देखी गई। वित्त वर्ष 2022-23 में FPI ने भारतीय शेयर बाजार से शुद्ध 37,632 करोड़ रुपये निकाले थे.

