मोदी सरकार ने वित्त वर्ष 2021-22 का बजट बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बता दें कि बजट बनाने से पहले तमाम संगठनों से सलाह ली जाती है और इस बार भी वित्त मंत्रालय सभी संगठनों से आग्रह किया है कि वह बजट को लेकर अपने सुझाव मोदी सरकार को भेजें। यहां तक कि वित्त मंत्रालय ने इसे लेकर एक ट्वीट भी किया है और कहा है कि अगर आप भी चाहें तो अपना सुझाव सरकार को भेज सकते हैं। बजट बनाने में देश के किसी भी व्यक्ति की तरफ से सुझाव जा सकता है, भले ही वह कोई भी हो।
अगर आप बजट को लेकर कोई सुझाव देना चाहते हैं तो इसके लिए सरकार ने खास व्यवस्था की हुई है। सरकार की तरफ से MyGov प्लेटफॉर्म पर एक माइक्रोसाइट यानी ऑनलाइन पोर्टल लॉन्च किया गया है, जिस पर देश का कोई भी नागरिक बजट को लेकर अपना सुझाव दे सकता है। आप सीधे इस लिंक पर क्लिक https://www.mygov.in/mygov-survey/inviting-suggestions-budget-2021-22/ कर के भी अपना सुझाव दे सकते हैं। ध्यान रहे कि सुझाव देने की आखिरी तारीख 30 नवंबर है।

