नई दिल्ली। वित्त मंत्री एक फरवरी, 2020 को अपना दूसरा केंद्रीय बजट पेश कर सकती हैं। देश के मौजूदा आर्थिक हालात को देखते हुए आम लोगों को केंद्रीय बजट से बहुत सी उम्मीदें जुड़ी हुई हैं। मोदी सरकार 2.0 का भी यह दूसरा बजट है और इस बात की संभावना है कि सरकार खपत को बढ़ाने के लिए आयकर में कटौती सहित कई उपायों का ऐलान कर सकती है।
सीतारमण और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने विभिन्न मंत्रालयों एवं विभागों के अधिकारियों, उद्योगपतियों, कृषक एवं ट्रेड यूनियनों के प्रतिनिधियों से बजट को लेकर चर्चा शुरू कर दी है। इस प्रक्रिया को और समावेशी बनाते हुए केंद्र सरकार ने आम लोगों से भी अपनी राय मांगी है। अगर आप भी बजट से जुड़ा कोई सुझाव देना चाहते हैं तो इस प्रक्रिया के तहत सरकार तक अपनी बात पहुंचा सकते हैं।
लोगों से संपर्क स्थापित करने के लिए बनाये गए भारत सरकार के ट्विटर हैंडल से इस संदर्भ में एक ट्वीट किया गया है। ट्वीट में कहा गया है ”आपके पास कोई ऐसा विचार/ सुझाव है, जिसे केंद्रीय बजट 2020-21 में शामिल किया जा सकता है? उसे (वित्त मंत्रालय) के साथ यहां साझा कर सकते हैं।”

