राज्य सरकार द्वारा लगाए गए कई कोविड प्रतिबंधों जिसमें लॉकडाउन, कर्फ्यू आदि शामिल हैं, से भारत में करीब 8 करोड़ व्यापारियों को अप्रैल के दौरान 6.25 लाख करोड़ रुपये के कारोबार का नुकसान हुआ है. व्यापारियों के लिए मुख्य संस्था कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स ने एक बयान में अपने तहत आने वाले 8 करोड़ व्यापारियों का प्रतिनिधित्व करने वाली 40 हजार से ज्यादा एसोसिएशन से डेटा लिया गया है. CAIT ने कहा कि देश में अप्रैल महीने के लिए कोरोना महामारी की वजह से कारोबार का कुल नुकसान करीब 6.25 लाख करोड़ रुपये का है. सरकार को कुल 75 हजार करोड़ रुपये के राजस्व का नुकसान हुआ है.
कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसी भरतिया और सेक्रेटरी जनरल प्रवीण खंडेलवाल के मुताबिक कुल 6.25 लाख करोड़ रुपये के कारोबारी नुकसान में से, रिटेल कारोबार को करीब 4.25 लाख करोड़ के कारोबार के नुकसान का अनुमान है, जबकि होलसेल कारोबार को करीब दो लाख करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है. कैट ने कहा कि निश्चित ही कारोबार को नुकसान के आंकड़े केवल ज्यादा नहीं, बल्कि यह कारोबार की बड़ी तबाही के बारे में बात करते हैं, लेकिन कोविड के कारण मौतों की संख्या को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है.
कैट ने राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन की अपील की
कन्फेडरेशन ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेजे संवाद में महामारी को काबू में करने के लिए राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन की अपील की. उसने तीसरी लहर से निपटने के लिए एक बाल चिकित्सकों की टास्क फोर्स के गठन की प्रार्थना की है, जिसमें बच्चे भी संक्रमित हो सकते हैं.

