जियो, एयरटेल और वोडाफोन आइडिया द्वारा सभी रिचार्ज प्लान की कीमतें बढ़ाने की वजह से ग्राहक नए विकल्प के तौर पर सरकारी टेलीकॉम कंपनी बीएसएनएल की ओर रुख करने लगे। केंद्रीय दूरसंचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शनिवार को कहा कि बीएसएनएल के ग्राहकों की संख्या बढ़ रही है। सिंधिया ने कहा कि बीएसएनएल का घरेलू 4जी नेटवर्क भी तैयार है और अब इसे 5जी में बदलने का काम चल रहा है।
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि ‘आत्मनिर्भर भारत’ के तहत स्वदेशी तकनीक वाला 4जी नेटवर्क तैयार है और कुछ ही महीनों में बीएसएनएल के जरिए पूरे देश में इसकी सेवाएं मिलने लगेंगी। उन्होंने कहा, ‘कई लोगों ने पूछा था कि जब जियो, एयरटेल और वोडाफोन ने 4जी नेटवर्क शुरू किया तो बीएसएनएल ने ऐसा क्यों नहीं किया? जिसके जवाब में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प था कि अगर हमें किसी सरकारी कंपनी का नेटवर्क विकसित करना है तो हम चीन या किसी अन्य विदेशी देश के उपकरण का इस्तेमाल नहीं करेंगे।’
केंद्रीय दूरसंचार मंत्री ने कहा भारत अपना खुद का 4जी स्टैक, कोर सिस्टम या टावर विकसित करेगा जिसे रेडिएशन एक्सेस नेटवर्क (आरएएन) कहा जाता है। भारत अपनी तकनीक विकसित करेगा और देशवासियों को 4जी नेटवर्क देगा और इसमें हमें डेढ़ साल लग गए। भारत दुनिया का 5वां देश बन गया है जिसके पास अपनी स्वदेशी तकनीक है।

