दोपहिया वाहन निर्माता कंपनी हीरो मोटोकॉर्प ने शानदार तिमाही नतीजों की घोषणा की है। 31 दिसंबर को खत्म हुई तीसरी तिमाही के दौरान कंपनी के शुद्ध मुनाफे में करीब 50 फीसदी का उछाल देखने को मिला है, इस दौरान कंपनी की कुल आय में भी 20 फीसदी से ज्यादा का इजाफा हुआ है.
हीरो मोटोकॉर्प ने अक्टूबर से दिसंबर 2023 के दौरान 1,093 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया, जबकि पिछले साल इसी अवधि में कंपनी का शुद्ध लाभ 726 करोड़ रुपये था। इस हिसाब से कंपनी के शुद्ध मुनाफे में सालाना आधार पर 50 फीसदी से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है. 31 दिसंबर, 2023 को समाप्त तिमाही के दौरान हीरो मोटोकॉर्प की कुल आय 10,031 करोड़ रुपये रही, जबकि पिछले साल की समान अवधि में यह 8,300 करोड़ रुपये थी। इस हिसाब से कंपनी की कुल आय में सालाना आधार पर 20.85 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है.
कंपनी ने तीसरी तिमाही में 14.6 लाख मोटरसाइकिल और स्कूटर बेचे, जो सालाना आधार पर 18 फीसदी की बढ़ोतरी दर्शाता है। कंपनी के निदेशक मंडल ने 75 रुपये प्रति शेयर का अंतरिम लाभांश और 25 रुपये प्रति शेयर का विशेष लाभांश घोषित किया है। दोनों को मिलाकर कंपनी ने प्रति शेयर 100 रुपये का अंतरिम लाभांश घोषित किया है।
हीरो मोटोकॉर्प ने अपने पार्ट्स एक्सेसरीज और मर्चेंडाइज (PAM) कारोबार के विस्तार की योजना की भी घोषणा की है, जिसके लिए 600 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। हीरो मोटोकॉर्प का ईवी कारोबार देश के 100 शहरों तक फैल गया है। इसके अलावा कंपनी एथर एनर्जी के साथ मिलकर चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर भी तेजी से बना रही है।

