पिछले सप्ताह सेंसेक्स की टॉप 10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से सात के मार्केट कैपिटल में सामूहिक रूप से 1,72,225.62 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ। इसके बावजूद HDFC , SBI और ICICI बैंक के शेयरों में निवेश करने वाले निवेशकों को नुकसान हुआ। एचडीएफसी बैंक का मूल्यांकन 18,069.29 करोड़ रुपये घटकर 12,35,825.35 करोड़ रुपये रह गया। भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) का बाजार मूल्यांकन 356.99 करोड़ रुपये घटकर 7,67,204.26 करोड़ रुपये रह गया। आईसीआईसीआई बैंक का बाजार पूंजीकरण 210.5 करोड़ रुपये घटकर 8,67,668.16 करोड़ रुपये रह गया।
सबसे ज्यादा लाभ में आईटी कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) रही। पिछले सप्ताह 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 522.74 अंक या 0.65 प्रतिशत चढ़ा। शुक्रवार को सेंसेक्स 622 अंक या 0.78 प्रतिशत उछलकर 80,519.34 अंक की रिकॉर्ड ऊंचाई पर बंद हुआ। दिन में कारोबार के दौरान यह 996.17 अंक या 1.24 प्रतिशत बढ़कर 80,893.51 अंक के अपने सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया। समीक्षाधीन सप्ताह में टीसीएस का बाजार पूंजीकरण 62,393.92 करोड़ रुपये बढ़कर 15,14,133.45 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
देश की सबसे बड़ी आईटी सेवा कंपनी टीसीएस का जून तिमाही का शुद्ध लाभ 8.7 प्रतिशत बढ़कर 12,040 करोड़ रुपये रहा। इसके बाद शुक्रवार को टीसीएस के शेयर में करीब सात फीसदी की तेजी आई। पिछले सप्ताह आईटीसी का बाजार मूल्यांकन 31,858.83 करोड़ रुपये बढ़कर 5,73,258.78 करोड़ रुपये हो गया। इंफोसिस की बाजार हैसियत 26,905.14 करोड़ रुपये बढ़कर 7,10,827.27 करोड़ रुपये हो गई, जबकि LIC का बाजार पूंजीकरण 22,422.12 करोड़ रुपये बढ़कर 6,64,947.01 करोड़ रुपये हो गया।
हिंदुस्तान यूनिलीवर का बाजार मूल्यांकन 17,668.92 करोड़ रुपये बढ़कर 6,16,156.81 करोड़ रुपये और रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार मूल्यांकन 9,066.19 करोड़ रुपये बढ़कर 21,60,628.75 करोड़ रुपये हो गया। भारती एयरटेल की बाजार हैसियत 1,910.5 करोड़ रुपये बढ़कर 8,15,705.36 करोड़ रुपये हो गई।

