बजाज ऑटो ने हाल ही में ‘बजाज ब्रूजर’ के बाद ‘बजाज फाइटर’ नेम प्लेट का ट्रेडमार्क कराया है। दोपहिया वाहन निर्माता ने पहले ही 5 से 6 सीएनजी बाइक लॉन्च करने की योजना की पुष्टि की है। जानकारी के मुताबिक बजाज की पहली सीएनजी बाइक 18 जून, 2024 को लॉन्च हो सकती है।
बजाज सीएनजी बाइक (ब्रूजर या फाइटर), जिसे कई बार टेस्टिंग के दौरान देखा गया है, में 110cc-125cc इंजन के साथ सीएनजी किट होने की संभावना है। इसमें इमरजेंसी के लिए छोटा पेट्रोल टैंक भी दिया जाएगा। इसकी बॉडी की बात करें तो इसमें पीछे की तरफ टेलिस्कोपिक फोर्क्स और मोनोशॉक होंगे। साथ ही बाइक में स्टॉपिंग पावर फ्रंट डिस्क और रियर ड्रम ब्रेक से आएगी।
लीक तस्वीरों से पता चला है कि नई बजाज फाइटर या ब्रूजर में बॉक्सी बॉडी के साथ गोल हेडलैंप, ब्रेस्ड हैंडलबार और लंबी सिंगल-पीस सीट होगी। सीट के ठीक नीचे सीएनजी किट लगाई जाएगी।
बजाज की पहली सीएनजी बाइक की कीमत 80000 रुपये हो सकती है। बजाज कैपिटल लिमिटेड के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर राजीव बजाज ने पुष्टि की है कि नई बजाज सीएनजी बाइक में नई तकनीक होगी और यह बाजार में उपलब्ध इलेक्ट्रिक स्कूटर जितनी सस्ती नहीं होगी।

