नई दिल्ली: ऐमजॉन इंडिया ने आज घोषणा की है कि दुनिया भर में अपने उपभोक्ताओं को शॉपिंग का शानदार अनुभव देने के लिए कंपनी 20 हजार नए लोगों को नौकरी देने की घोषणा की है। कंपनी की तरफ से हैदराबाद, पुणे, कोयम्बटूर, नोएडा, कोलकाता, जयपुर, चंडीगढ़, मैंगलोर, इंदौर, भोपाल और लखनऊ में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं। ज्यादातर नौकरियां ऐमजॉन के ‘वर्चुअल कस्टमर सर्विस’ प्रोग्राम का हिस्सा हैं जो वर्क-फ्रॉम-होम के लिए विकल्प पेश करता है।
नए पदों पर नियुक्त असोसिएट्स उपभोक्ताओं की जरूरतें पूरी करने में मदद करेंगे, उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे ईमेल, चैट, सोशल मीडिया और फोन के जरिए व्यक्तिगत एवं उत्कृष्ट अनुभव प्रदान करेंगे। इन पदों पर नियुक्ति के लिए जरूरी है कि उम्मीदवार कम से कम 12वीं कक्षा पास हो और अंग्रेजी, हिंदी, तमिल, तेलुगु या कन्नड भाषा में निपुण हो।
ऐमजॉन इंडिया के कस्टमर सर्विस डायरेक्टर अक्षय प्रभु ने कहा, ‘हम उपभोक्ताओं की बढ़ती जरूरतों के अनुरूप कस्टमर सर्विस संगठनों में हायरिंग संबंधी जरूरतों का मूल्यांकन कर रहे हैं। हमारा अनुमान है कि भारत एवं दुनिया भर में छुट्टियों के सीजन में अगले छह महीनों में कस्टमर ट्रैफिक बढ़ेगा। हमसे जुड़ने वाले नए असोसिएट्स हमारे वर्चुअल कस्टमर सर्विस प्रोग्राम के जरिए घर और ऑफिस से काम करेंगे तथा उपभोक्ताओं की जरूरतों को पूरा करने एवं उन्हें उत्कृष्ट अनुभव प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।’

