गुरुवार को भारतीय स्टॉक मार्केट अपने अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर खुला। बाजार खुलने के साथ सेंसेक्स 308 अंक और निफ्टी 90 अंक की बढ़त के साथ 21,744 के सर्वकालिक उच्चतम स्तर पर पहुंच गया. खबर लिखे जाने तक निफ्टी 21,686 अंक पर और सेंसेक्स 72,172 अंक पर कारोबार कर रहा था।
एनएसई पर सुबह बाजार खुलते के समय 1435 शेयर बढ़त के साथ और 485 शेयर गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे। बाजार में आज ऑटो, आईटी, पीएसयू बैंक, फिन सर्विस, फार्मा, मेटल, एनर्जी, इंफ्रा और पीएसई सेक्टर के शेयर बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं।
एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस, अपोलो हॉस्पिटल्स, हीरो मोटोकॉर्प, बजाज फिनसर्व, नेस्ले, एनटीपीसी, एमएंडएम, जेएसडब्ल्यू स्टील, पावर ग्रिड, टाइटन कंपनी, टीसीएस, आईटीसी, कोटक महिंद्रा, एलएंडटी, यूपीएल, बजाज फाइनेंस, एचडीएफसी बैंक, एचसीएल टेक और टाटा स्टील निफ्टी के गेनर में शामिल है. एशियन पेंट, ग्रासिम, बजाज ऑटो, अल्ट्राटेक सीमेंट, डॉ. रेड्डीज लैब, आयशर मोटर्स, ब्रिटानिया, एक्सिस बैंक, टाटा मोटर्स , इंडसइंड बैंक, टेक महिंद्रा और इंफोसिस घाटे के साथ कारोबार कर रहे हैं।
एशियाई बाजारों में भी आज जबरदस्त तेजी का माहौल देखने को मिल रहा है. शंघाई, सियोल, बैंकॉक और जकार्ता के बाजार तेजी पर कारोबार कर रहे हैं, जबकि टोक्यो के बाजार लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं। कल अमेरिकी बाजार भी बढ़त के साथ हरे निशान में बंद हुए। वहीं, ज्यादातर यूरोपीय बाजारों में भी खरीदारी का रुझान नज़र आ रहा है। कच्चे तेल का बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 79.54 डॉलर प्रति बैरल और WTI क्रूड 74.06 डॉलर प्रति बैरल पर बना हुआ है।

