मारुति सुजुकी इंडिया (MSI) की बिक्री अक्टूबर में 18.9 फीसदी बढ़कर 1,82,448 यूनिट पर पहुंच गई. इससे पिछले साल के समान महीने में कंपनी ने 1,53,435 वाहन बेचे थे. कंपनी की ओर से जारी बयान के अनुसार घरेलू बाजार में उसकी बिक्री 19.8 फीसदी बढ़कर 1,72,862 यूनिट पर पहुंच गई, जो अक्टूबर 2019 में 1,44,277 यूनिट रही थी. समीक्षाधीन महीने में कंपनी की मिनी कारों अल्टो और एस-प्रेसो की बिक्री मामूली घटकर 28,462 यूनिट रह गई, जो एक साल पहले समान महीने में 28,537 यूनिट रही थी.
कॉम्पैक्ट सेगमेंट की कारों जैसे स्विफ्ट, सेलेरियो, इग्निस, बलेनो और डिजायर की बिक्री 19.2 फीसदी बढ़कर 95,067 यूनिट पर पहुंच गई, जो अक्टूबर 2019 में 75,094 यूनिट रही थी. अक्टूबर में सियाज मॉडल की बिक्री 40 फीसदी घटकर 1,422 यूनिट रह गई, जो पिछले साल समान महीने में 2,371 यूनिट रही थी. हालांकि, कंपनी के यूटिलिटी वाहनों विटारा ब्रेजा, एस-क्रॉस और एर्टिगा की बिक्री 9.9 फीसदी बढ़कर 23,108 यूनिट से 25,396 यूनिट पर पहुंच गई. अक्टूबर में कंपनी का निर्यात 4.7 फीसदी बढ़कर 9,586 यूनिट रहा, जो एक साल पहले समान महीने में 9,158 यूनिट था.
एमजी मोटर इंडिया की खुदरा बिक्री अक्टूबर में छह फीसदी बढ़कर 3,750 यूनिट पर पहुंच गई. एक साल पहले समान महीने में कंपनी ने 3,536 वाहन बेचे थे. कंपनी की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि उसकी एसयूवी हेक्टर की बिक्री का आंकड़ा अक्टूबर में 3,625 यूनिट पर पहुंच गया. यह इस वाहन की मासिक बिक्री का सबसे ऊंचा आंकड़ा है. सितंबर 2020 में हेक्टर की बिक्री 2,410 यूनिट रही थी. इस तरह सितंबर की तुलना में अक्टूबर में हेक्टर की बिक्री में 50 यूनिट की वृद्धि हुई है. कंपनी ने कहा कि उसकी हाल में पेश प्रीमियम एसयूवी ग्लॉस्टर को अच्छी प्रतिक्रिया मिली है. इस वाहन के लिए अब तक 2,000 बुकिंग मिल चुकी हैं. एमजी मोटर इंडिया के निदेशक (बिक्री) राकेश सिदाना ने कहा, ‘‘हमें वृद्धि का यह रुख दिवाली की वजह से नवंबर में भी जारी रहने की उम्मीद है. बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए हम आपूर्ति बढ़ा रहे हैं.’’

