देश में कोरोना के लगातार बढ़ते मामलों की मार अब बड़ी औद्योगिक इकाइयों पर भी पड़ने लगी है. देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया ने कहा है कि उसकी इकाइयों में एक मई से प्रोडक्शन का काम अगले कुछ दिनों के लिए बंद कर दिया जाएगा. कंपनी ने इसे मेंटेनेन्स शटडाउन का नाम दिया है.
कंपनी ने बुधवार को एक रेगुलेटरी फाइलिंग में बताया कि उसके मैन्युफैक्चरिंग प्लांट्स को पहले से तय मेंटेनेन्स शटडाउन के तहत 1 जून से बंद किया जाना था. लेकिन देश में कोरोना के बढ़ते मामलों को ध्यान में रखते हुए उसने एक महीने पहले ही अपने कारखाने बंद करने का फैसला कर लिया. मारुति का कहना है कि देश में कोरोना के बढ़ते मामलों के कारण ऑक्सीजन की मांग काफी बढ़ गई है, जिसके कारण कई अस्पतालों को ऑक्सीजन की कमी का सामना करना पड़ रहा है. इन हालात में देश में उपलब्ध ज्यादा से ज्यादा ऑक्सीजन का इस्तेमाल सिर्फ लोगों की जान बचाने के लिए होना चाहिए.
मारुति के मुताबिक उसके अपने प्लांट्स में भले ही बेहद कम मात्रा में ऑक्सीजन का इस्तेमाल होता है, लेकिन उसके कंपोनेंट बनाने वाली इकाइयां इस जीवनरक्षक गैस का ज्यादा इस्तेमाल करती हैं. कंपनी ने बताया कि इसी बात को ध्यान में रखते हुए उसने 1 जून की बजाय 1 मई से 9 मई तक मेंटेनेन्स के लिए शटडाउन करने का फैसला किया है. मारुति के मुताबिक इस दौरान उसकी सभी फैक्टरीज़ में काम बंद रहेगा. कंपनी ने बताया है कि उसके हरियाणा के दोनों कारखानों के साथ ही साथ सुजुकी मोटर गुजरात का कारखाना भी बंद रहेगा.

